नौहराधार (सिरमौर)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नौहराधार में वीरवार को आपदा प्रबंधन, आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्राथमिक चिकित्सा विषय पर एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने और घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। मुख्य प्रशिक्षक डॉ. उन्नति ने प्रतिभागियों को भूकंप, भूस्खलन, आग और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने ड्रॉप, कवर एंड होल्ड तकनीक का अभ्यास करवाया। मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉन्स के तहत घायलों को अस्पताल पहुंचाने से पहले दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार, रक्तस्राव रोकने के उपाय और कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन समिति के संरक्षक जोगेंद्र चौहान, एसएमसी अध्यक्ष भगत सिंह, प्रधानाचार्य जितेंद्र चौहान मौजूद रहे।