नाहन में चंद लोगों की सहूलियत को बेवक्त खोला जा रहा पानी
विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ अधिशासी अभियंता को दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जलशक्ति विभाग नाहन के कर्मियों पर चंद लोगों के दबाव में आकर बेवक्त पानी खोलने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि पानी खोलने वाले कर्मचारी टैंक पानी से भरे होने की दशा में भी समय पर पानी नहीं दे रहे हैं। यह कर्मचारी चंद लोगों के कहने पर बेवक्त पानी खोल रहे हैं। इससे अधिकांश आबादी को पानी के आने का पता ही नहीं चल रहा है। चंद ही लोगों को पानी मिल रहा है।
इस मसले को लेकर रानीताल के लोगों की ओर से स्थानीय युवक जावेद उल्फत ने मंगलवार को विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात की और एक शिकायत पत्र उनको सौंपा।
उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से शहर में पानी का संकट चल रहा है। चंद लोग पानी खोलने वाले कर्मचारियों पर दबाव बनाकर बेवक्त पानी खोल रहे हैं। इसका लाभ चंद ही लोग अधिक उठा रहे हैं, जो लोग पानी आने के समय उठते हैं, उनको नसीब नहीं हो रहा है।
जावेद ने बताया कि रानीताल क्षेत्र में सोमवार को 7:00 बजे पानी नहीं आया। इस लाइन में मंगलवार सुबह 4:00 बजे पानी दिया गया। पौने पांच बजे वाली लाइन में पानी आया तो चंद लोगों ने कर्मचारी को फोन करके बंद करवा दिया। जावेद ने अधिकारी से इस बारे में उचित कदम उठाने की मांग की है ताकि लोगों को समय पर पानी मिल सके।
-
पौने घंटे पहले पानी देने का मतलब क्या
रानीताल निवासी दिव्या, टिंकू, प्रेम, अंकुश ने बताया कि विभाग का स्टोरेज टैंक खाली है। पौने पांच बजे पानी नहीं दिया गया तो बाद में टैंक भरने पर लोगों की सुविधा को दिन में पानी दिया गया, ये बात तो समझ में आती है लेकिन पानी का टैंक भरा होने पर भी सुबह पौने पांच बजे पानी देने की बजाय उसे सुबह चार से 4:30 बजे तक चोरी छिपे दिए जाने का क्या मतलब है। कई दिन से ऐसा चल रहा है।
शिकायत मिली है, जांच की जाएगी
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता आशीष राणा ने बताया कि शिकायत मिली है। इसकी जांच की जाएगी। संवाद