मौसम में बदलाव से वायरल फीवर के मामले बढ़े
मेडिकल काॅलेज नाहन समेत दूसरे अस्पतालों में बढ़ा मरीजों का आंकड़ा
दिन के तापमान में अचानक बढ़ोतरी का लोगों पर पड़ा असर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मौसम में आए बदलाव के चलते लोग वायरल फीवर की चपेट में आ गए हैं। इसके चलते जिले के अस्पतालों की ओपीडी बढ़ने लगी है।
महिलाओं और बुजुर्गों के साथ-साथ स्कूली बच्चे भी बुखार की जकड़ में आ रहे हैं। अस्पतालों में जांच के बाद दवाइयां देकर रोगियों को घर भेजा जा रहा है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे मौसम में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, इन दिनों डेंगू और स्क्रब टायफस का प्रकोप भी बढ़ रहा है। इस बीच बुखार आने की स्थिति में मरीजों को डेंगू की चपेट में आने का खौफ भी बन रहा है। जबकि, कई लोगों में मौसमी बुखार के लक्षण सामने आ रहे हैं।
मौसमी बुखार के चलते मेडिकल कॉलेज नाहन समेत पांवटा साहिब, सराहां, राजगढ़, ददाहू आदि अस्पतालों में बुखार, वायरल और ठंड से पीड़ित लोग उपचार के लिए पहुंचे रहे हैं। मेडिकल काॅलेज की मेडिसिन ओपीडी में ज्यादातर मरीज बुखार के पहुंच रहे हैं।
बता दें कि बारिश का दौर थमने के बाद पिछले कई दिनों से दोपहर के समय गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। सुबह शाम मौसम ठंडा है, लेकिन दोपहर होते होते पारा मैदानी इलाकों में 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है। उमस भरी गर्मी से बचने के लिए बच्चों समेत कई लोग ठंडे पानी और अन्य पेय पदार्थों का सेवन कर रहे हैं। ऐसे में लोग ज्यादा बीमार हो रहे हैं।
खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह समस्या ज्यादा आ रही है। कुछ स्थानों पर बच्चे पैदल स्कूल पहुंचते हैं। अधिकतर बच्चों में बुखार, सिर दर्द और बदन दर्द की शिकायत देखने को मिली रही हैं।
...
बच्चों का रखें विशेष ध्यान : डॉ. अजय
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. अजय पाठक ने बताया कि मौसम में बदलाव से बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। लोग एहतियात बरतें। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों के स्वास्थ्य का जरूर ख्याल रखें। बच्चों को अच्छी डाइट दें। उन्हें ठंड से बचाएं। पानी उबाल कर पीयें। बुखार आदि के लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।
- डाॅ. अजय पाठक, सीएमओ, सिरमौर