ांवटा बाजार में संपर्क सड़क पर खड़े ट्रक से सामान उतारते कामगार।
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा बाजार से निकलने वाले संपर्क मार्ग पर एक ट्रक से दुकान का सामान उतारा जा रहा था। इसी गली से लोग आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी और पांवटा पुलिस थाना की ओर निकलते हैं। ट्रक खड़ा होने से सुबह के समय ही जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसकी जानकारी यातायात पुलिस को दी गई। पुलिस के कहने पर चालक के ट्रक हटाते ही एक छुटभैया व्यापारी नेता मौके पर पहुंचा और पुलिस से उलझ पड़ा। व्यापारी नेता ने सीएम कार्यालय के साथ पांवटा के विधायक और शिलाई के पूर्व विधायक तक पहुंच होने की बातें कर मौके पर खूब हंगामा किया। बुधवार सुबह पांवटा मुख्य बाजार से थाना, पटवारखाने और आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी की तरफ जाने वाले मार्ग पर राशन से भरा एक ट्रक खड़ा हो गया। पहले ही यह मार्ग काफी तंग है। लिहाजा, ट्रक से आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को ट्रक हटाने के लिए कहा लेकिन, एक स्थानीय नेता आर व्यापारी जमकर बहस करने लगा। काफी देर तक ट्रैफिक पुलिस से बहसबाजी चलती रही। मौके पर गए जवानों को व्यापारी नेता अपनी पहुंच सीधी सीएम कार्यालय, स्थानीय विधायक और शिलाई के पूर्व विधायक तक होने की बात कहकर दबाव बनाने लगा। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस प्रभारी योगराज मौके पर पहुंचे। जनता की परेशानी का सबब बन रहे ट्रक को मौके से हटवाया। ट्रक को पांवटा पुलिस थाना के सामने मैदान में पार्क करवाया गया। व्यापारी को भी समझाया कि रात 8 बजे के बाद संपर्क मार्ग से अपना सामान उतारें। इससे जनता को भी किसी तरह की दिक्कतें न हो। इस बात से आगबबूला व्यापारी नेता थाना परिसर में एसएचओ कार्यालय तक पहुंच गया। शिमला सीएम कार्यालय के किसी पदाधिकारी को फोन मिलाया। एसएचओ पांवटा संजय शर्मा ने कहा कि इस तरह की सूचना मिली थी लेकिन बाद मेें मसला सुलझा लिया गया था।