सराहां (सिरमौर)। पच्छाद में मानसिक रूप से परेशान युवती ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार युवती मानसिक रूप से परेशान थी। जिस वजह से उसने यह कदम उठाया। जानकारी अनुसार पच्छाद की बजगा पंचायत के बनाड़ गांव निवासी युवती ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। युवती की आयु 19 वर्ष बताई जा रही है। वह जमा दो पास करने के बाद घर पर ही थी। युवती ने यह खौफनाक कदम बुधवार देर शाम को उस समय उठाया जब घर पर कोई नहीं था। युवती ने अपने घर की छत के कूंडे में फंदा लगाकर अपनी जान दे रही। देर शाम को जब परिजन अपने काम निपटाकर घर पहुंचे तो वह अपनी बेटी को फंदे से लटका देखकर हक्के-बक्के रह गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस व पड़ोसियों को दी। जिसके बाद युवती को नीचे उतारा गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। युवती के पिता बलबीर सिंह के अनुसार उनकी बेटी कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।