नौहराधार (सिरमौर)। सिरमौर जिला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वीरवार रात जोरदार बारिश के बाद शुक्रवार सुबह चार बजे के बाद नौहराधार, हरिपुरधार व चूड़धार चोटी पर ताजा हिमपात हुआ। इससे क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है। चूड़धार में दो फीट ताजा हिमपात हुआ जबकि, नौहराधार व हरिपुरधार में 5 से 6 इंच बर्फबारी दर्ज की गई। चूड़धार चोटी पर अब तक 10 से 12 फीट बर्फ जम चुकी है। नौहराधार व हरिपुरधार आदि क्षेत्रों में खराब मौसम से बिजली के गुल होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। बिजली की आंख मिचौली के अलावा क्षेत्रों में कम वोल्टेज की समस्या भी पैदा हो गई है। बिना बिजली के हाड कंपा देने वाली ठंड से ठिठुरना पड़ा। मौसम की बेरुखी के चलते लोगों को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ा। नौहराधार इलाके में वीरवार की रात तेज अंधड़ व बिजली कड़कड़ाने के बाद बत्ती गुल हो गई थी। कई जगह शुक्रवार दोपहर बाद बिजली बहाल हुई। हालांकि, किसानों-बागवानों के लिए यह बर्फबारी वरदान साबित हुई है। कई फसलों के लिए बर्फबारी व बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं है। बता दें कि इस बार जिला के ऊंचाई वाले स्थानों में ठंड का सीजन लंबा खिंचता जा रहा है। क्षेत्र में 12 दिसंबर से ही बर्फ गिरनी शुरू हुई थी। बर्फबारी के बाद तापमान जमाव बिंदू से नीचे आ गया है, जिससे ठंड का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है।