संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर में शास्त्री पदों की बैचवाइज भर्ती के लिए काउंसलिंग 17 और 18 नवंबर को होगी। इसके तहत जिला सिरमौर में क्रमश: रोजगार कार्यालय राजगढ़, नाहन और सराहां से प्रायोजित पात्र अभ्यर्थियों के लिए 17 नवंबर और रोजगार कार्यालय शिलाई, संगड़ाह और कमरऊ और पांवटा साहिब से प्रायोजित पात्र अभ्यर्थियों के लिए 18 नवंबर की तिथि निर्धारित की गई है। काउंसलिंग सुबह 10:00 बजे उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय नाहन में आयोजित की जाएगी। शिक्षा उपनिदेशक सिरमौर कर्मचंद ने बताया कि शास्त्री के कुल चार पदों की बैचवाइज भर्ती के लिए सामान्य वर्ग के दो पद, अन्य पिछड़ा वर्ग में एक पद और आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी (सामान्य) के एक पद के लिए बीएड पात्रता बैच दिसंबर 2022 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी रोजगार कार्यालयों से जिन पात्र अभ्यर्थियों के नाम प्रायोजित किए जा चुके हैं, उन्हें कॉल लेटर डाक से प्रेषित किए जा चुके हैं। इसकी विस्तृत सूचना उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा के ब्लॉग पर भी अपलोड की जा गई है। अगर ऐसे पात्र अभ्यर्थी जिन्हें सूचना प्राप्त न हुई हो, वह भी उपरोक्त तिथि को काउंसिलिंग में भाग ले सकते हैं। कॉल लेटर, बायोडाटा फॉर्म और सभी अभ्यर्थियों की सूची वांछित दस्तावेजों की चेक लिस्ट और विस्तृत सूचना की जानकारी उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय नाहन के ब्लाॅग पर भी उपलब्ध है।