नाहन (सिरमौर)। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग व सिरमौर जिला पैरास्पोर्ट्स एसोसिएशन संघ के संयुक्त तत्वाधान में नाहन के चौगान मैदान में दिव्यांगों की जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट आयोजित की गई। इसमें जिलेभर के विभिन्न स्कूलों से आए दिव्यांग बच्चों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में 13 से 17 वर्ष की लड़कियों की 50 मीट पैदल चाल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुरला की निहारिका ने पहला, प्राथमिक कन्या स्कूल की अवंतिका ने दूसरा व आस्था स्पेशल स्कूल की पायल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी आयु वर्ग की 100 मीटर दौड़ में आस्था स्कूल की पायल ने पहला, प्राइमरी स्कूल नाहन की अवंतिका ने दूसरा और सुरला स्कूल की निहारिका ने तीसरे स्थान पर बाजी मारी।
इसी प्रकार 18 से 35 वर्ष की आयु वर्ग की सौ मीटर दौड़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकपुर की शोभा ने पहला स्थान अर्जित किया। लड़कियों की लंबी कूद ओपन स्पर्धा में त्रिलोकपुर स्कूल की सुभी ने पहला, लक्ष्मी ने दूसरा और शोभा ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 13 से 17 आयु वर्ग की लड़कियों की बोची स्पर्धा में आस्था स्कूल की अवंतिका, निहारिका व सुभी ने पहला, पायल, चांदनी व लक्ष्मी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार 13 से 17 वर्ष के लड़कों की सौ मीटर पैदल चाल में आस्था स्कूल का शोएब, ब्वॉयज स्कूल नाहन का कमल व अक्षित क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे। जबकि सौ मीटर दौड़ में ब्वॉयज स्कूल नाहन के आदित्य ने पहला, आस्था स्कूल नाहन के उमेश ने दूसरा व सोएब ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लड़कों की 13 से 17 आयु वर्ग की 200 मीटर दौड़ में ब्वॉयज स्कूल नाहन के संदीप ने पहला, आदित्य ने दूसरा और आस्था स्कूल के नवीन ने तीसरा स्थान हासिल किया।
वहीं 18 से 35 आयु वर्ग के लड़कों की 100 मीटर दौड़ में पैरा स्पोर्ट्स के महेश चौधरी ने पहला, आस्था स्कूल के हेमचंद ने दूसरा और पैरा स्पोर्ट्स के आबिद अली ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 13 से 17 आयु वर्ग के लड़कों की बोची स्पर्धा में आस्था स्कूल नाहन के वीरा, शोएब, राहुल व राम ने पहला, ब्वॉयज स्कूल नाहन के अक्षित, कमल, पंकज व आदित्य ने दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला खेल अधिकारी संजय शुक्ला ने किया। जबकि पहले दिन के समापन पर डीएलएड कॉलेज की प्रधानाचार्या रूचि कोटिया ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सिरमौर जिला पैरास्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव सुरेंद्र कुमार, आस्था स्कूल के शिक्षक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
नाहन के चौगान मैदान में दौड़ स्पर्धा में हिस्सा लेते दिव्यांग बच्चे। संवाद- फोटो : NAHAN
नाहन में बोची स्पर्धा के दौरान गोला फेंकता एक दिव्यांग छात्र। संवाद- फोटो : NAHAN