कोटड़ी व्यास की श्वेता चौधरी का राज्य हॉकी छात्रावास के लिए चयन:संवाद
योग और हैंडबाल में भी राज्य स्तर पर दिखा चुकी है अपनी प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी पांवटा साहिब (सिरमौर)। शहीद कमल कांत स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी ब्यास की छात्रा श्वेता का राज्य खेल हॉकी छात्रावास के लिए चयन हुआ है। पिछले एक वर्ष से छात्रा हॉकी के अभ्यास में जुटी हुई थी। छात्रा जूनियर वर्ग में हैंडबाल और योगा में राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा दिखा चुकी है। श्वेता के कोच एवं कोटड़ी ब्यास स्कूल के शारीरिक शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि श्वेता पढ़ाई में अपनी क्लास में टॉप करती रही हैं। श्वेता कक्षा 7वीं की छात्रा है। स्कूल में योग और हैंडबाल की राज्य स्तरीय खिलाड़ी रही हैं। राज्य हॉकी खेल छात्रावास के लिए हुए हॉकी ट्रायल छात्रा ने दिए थे। उसके बाद अब श्वेता चौधरी का खेल छात्रावास के लिए चयन हो गया है। यह स्कूल के लिए एक उपलब्धि है। श्वेता पिछले वर्ष हैंडबाल और योग में भी राज्य स्तर की खिलाड़ी रही हैं। उसके पिता सुनील कुमार निजी कंपनी में कार्यरत हैं और मां सुमन कुमारी गृहिणी हैं। कोच ने बताया उसे जो भी लक्ष्य दिया जाता है। वह पूरी लगन और मेहनत से पूरा करती है। स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान सुरेश कुमार, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अजय शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य रघुवीर चौहान, शिक्षक ओम प्रकाश, राकेश कुमार, मोहन सिंह, ज्योति कुमारी, बस्ती राम सिंगटा, नरेश कुमार व चतर चौहान ने श्वेता व उसके परिवार व शारीरिक शिक्षा को बधाई दी है।