फागू स्कूल में संपन्न हुई खेलकूद प्रतियोगिता की विजेता टीम मुख्यातिथि विधायक रीना कश्यप के साथ।
- फोटो : NAHAN
राजगढ़ (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागू में शिक्षा खंड राजगढ़ की अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में राजगढ़ स्कूल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की ओर विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए।
प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबाल के फाइनल मुकाबले में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग ने राजगढ़ को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कब्बड्डी में जदोल टपरोली स्कूल ने राजगढ़ को हराया। खो-खो में राजगढ़ ने धरोटी को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। बैडमिंटन में सनौरा विजेता और जदोल टपरोली उपविजेता रहे। योगा में सनौरा स्कूल ने पहला और दुधम मतियाना स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता में गुरुकुल स्कूल राजगढ़ के छात्र अभियुदय ने प्रथम स्थान व राजगढ़ के दिग्विजय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एकांकी गायन में राजगढ़ के नितीश ने पहला व मंडियाघाट के छात्र अक्षित ने दूसरा स्थान हासिल किया। समूहगान में सनियो दीदग स्कूल प्रथम व राजगढ़ द्वितीय स्थान पर रहे। लोकनृत्य में राजगढ़ ने प्रथम और देवठी मझगांव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नाटक में राजगढ़ स्कूल प्रथम रहा ।
आर्केस्ट्रा में राजगढ़ स्कूल ने पहला तथा कोटला बांगी स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस खेलकूद प्रतियोगिता में 24 स्कूलों के लगभग 350 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन भाणत पंचायत की प्रधान संतोष शर्मा ने किया था।