शिमला। शहर के साथ सटे क्षेत्र कैथू में मार्निंग व्यू के पास 50 गाड़ियों की पार्किंग बनाने का मामला अभी अधर में लटक गया है। दो सालों से अधिक समय हो चुका है लेकिन अभी इसका कार्य शुरू नहीं हो पाया है। दरअसल यहां बनी पार्किंग के ऊपर दूसरा फ्लोर तैयार किया जाना है। कैथू वार्ड की पार्षद कांता सुयाल ने कहा कि दो साल पहले इस प्रस्ताव को सदन में लगाया था लेकिन तब से लेकर अब तक इस पर कोई संज्ञान अधिकारियों द्वारा नहीं लिया गया है। हर हाउस में यह मुद्दा उठाया जाता है। पार्षद ने बताया कि मॉर्निंग व्यू पार्किंग जहां पर पहले ही पार्किंग बनी है, लगातार गाड़ियों की संख्या बढ़ने के बाद यहां पर एक फ्लोर और बनाकर 50 गाड़ियों की पार्किंग सुविधा मिलनी है लेकिन अधिकारी इसकी सुध नहीं ले रहे हैं। एसजेपीएनएल के एजीएम बसंत राठौर ने कहा कि 15 दिन के भीतर इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। संवाद