नाहन (सिरमौर)। शहर में दो दिन पहले तेज तूफान के साथ आई बारिश के पानी ने शहर के वार्ड 6 में बरसाती नाले का रूप ले लिया है। यहां भारी मात्रा में पानी पुलिस कॉलोनी में खड़ा हो गया। चंबा मैदान के समीप ट्रांसपोर्ट सड़क पर भी गंदगी और मलबा जमा है। इस कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर वीरवार को नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ नप चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार रहे संजय चौहान और प्रदीप विज भी साथ रहे। विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने इस दौरान क्षेत्र के लोगों से भी बात की। स्थानीय अजय सिंगला, जाकिर, शमीम ने विधायक को बताया कि इस वर्ष पहली बरसात में ही यहां पानी ने उफनते नाले का रूप ले लिया है। बरसात के दिनों में तो यह समस्या विकराल रूप धारण कर लेगी। उन्होंने विधायक डॉ. राजीव बिंदल से इस समस्या के समाधान की मांग की। पूर्व पार्षद प्रत्याशी और समाजसेवी संजय चौहान ने भी विधायक से इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का आग्रह किया। विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने नगर परिषद को बरसात से पूर्व यहां बरसाती पानी के लिए पक्की नाली बनाने, उसमें सीमेंटेड नाली का उपयोग करने और सड़क को सुधारने के निर्देश दिए।