ददाहू (सिरमौर)। ग्राम पंचायत ददाहू के वार्ड नंबर-5 में एक निजी कंपनी के मोबाइल टावर के निर्माण को लेकर उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को वार्ड-5 के बाशिंदों ने टावर निर्माण का विरोध करने के साथ-साथ कंपनी के अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। साथ ही उनसे घनी आबादी के बीच टावर निर्माण किए जाने का स्पष्टीकरण भी मांगा। इस दौरान ग्रामीणों का विरोध बढ़ता ही चला गया। इस दौरान ग्राम पंचायत की प्रधान और सचिव मौके पर मौजूद नहीं रहे। केवल उपप्रधान पंकज गर्ग ने लोगों व कंपनी प्रबंधकों के पक्ष को गंभीरता से सुना। लेकिन ग्रामीणों के विरोध के आगे उनकी भी न चली। ग्रामीणों का यह भी आरोप था कि स्थानीय पंचायत ने अनापत्ति प्रमाण पत्र देने से पूर्व क्षेत्र के लोगों को विश्वास में नहीं लिया। केवल पंचायत की बैठक बुलाकर एनओसी जारी कर दी। टावर निर्माण के विरोध को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल 15 दिन पूर्व उपायुक्त सिरमौर से भी नाहन में मिला था। लेकिन ग्रामीणों को आश्वासन के सिवाय कुछ हाथ नहीं लगा। उधर, मोबाइल कंपनी के अधिकारी कार्तिक ठाकुर, दीपक भल्ला व जिला प्रभारी धीरज ने बताया कि टावर का निर्माण पंचायत की सहमति के साथ साथ सर्वोच्च व उच्च न्यायालय के दिशा- निर्देशों के अनुसार ही किया जा रहा है।