खनन विभाग की दबिश के दौरान गिरि नदी के किनारे सीज किया गया रेत का स्टॉक।
- फोटो : NAHAN
ददाहू (सिरमौर)। खनन विभाग ने वीरवार को खनन माफिया पर शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई अमल में लाई। खनन विभाग की टीम ने तीन मामलों में जहां 30 मीट्रिक टन रेत भंडारण (स्टॉक) को कब्जे में लेकर मामला अदालत को सौंप दिया है। वहीं, एक ट्रैक्टर का चालान करके 4500 रुपये का जुर्माना भी वसूल किया। टीम ने गिरि नदी में दबिश देकर ददाहू के साथ सटे मेहत गांव में अवैध खनन करने के उपकरणों को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया है। इन उपकरणों के जरिये ही अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा था। इन उपकरणों में 12 बेलचे, 10 बड़ी जालियां, चार कसियां व तीन तसलों को बरामद कर कब्जे में लेने के बाद विभाग ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। खनन रक्षक लाल सिंह ने बताया कि अवैध खनन के एक साथ तीन मामलों में कार्रवाई अमल में लाई गई है, जिनमें अवैध रेत (खनन) भंडारण का चालान करके मामला अदालत को सौंप दिया गया है। जिस पर अगली कार्रवाई अदालत की ओर से अमल में लाई जाएगी। इसमें 30 मीट्रिक टन रेत का एक स्थान पर भंडारण होते पाया गया है, जो चोरी-छिपे गिरि नदी से उठा कर लाया गया था। विभाग की टीम ने छापा मारकर रेत भंडारण का चालान कर उसे सीज करने के साथ ही कब्जे में लिया। विभाग की इस टीम में खनन रक्षक कुलदीप सिंह सहित अन्य कर्मचारी भी शामिल रहे।