कालाअंब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय त्रिलोकपुर में शुक्रवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत गठित इस कार्यकारिणी का कार्यकाल दो वर्ष होगा। पवन भारद्वाज को सर्वसम्मति से दूसरी बार एसएमसी अध्यक्ष चुना गया, जबकि सुमन बाला को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। एसएमसी गठन की पूरी प्रक्रिया शिक्षक मंजू रानी और विवेक चौहान की देखरेख में हुई। प्रधानाचार्य प्रिया तोमर ने बताया कि नई शिक्षा नीति के प्रावधानों के अनुसार नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। इस अवसर पर त्रिलोकपुर के उपप्रधान विक्रम सिंह, वार्ड सदस्य रुमाली देवी, रक्षा देवी, कमलेश रानी, प्रेमपाल सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं अध्यापक उपस्थित रहे।