ट्रक खराब होने से लगा लंबा जाम, लोग दिखे परेशान
नाहन के रास्ते पर यातायात तबदील होने से बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। कालका-शिमला फोरलेन के चक्की मोड़ पर क्षतिग्रस्त होने से नाहन शहर में बढ़ रहा जाम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
बुधवार को यशवंत चौक से आईटीआई की ओर जा रहा एक ट्रक खराब हो गया। इससे अचानक लंबा जाम लग गया। इसे खुलवाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दरअसल, नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर बड़े वाहनों को डायवर्ट किए जाने से नाहन शहर में जगह-जगह जाम लग रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी जिला मुख्यालय नाहन के मोहल्ला गोविंदगढ़ और आईटीआई के नजदीक वाहन चालकों और लोगों को झेलनी पड़ रही है।
इस रास्ते से नाहन शहर से निकलने के लिए सिर्फ दस मिनट का समय लगता है, लेकिन ये सफर अब काफी लंबा हो रहा है। सुबह के समय स्कूली बच्चों समेत नौकरीपेशा लोग परेशान हो रहे हैं, जो समय पर स्कूल व कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे।
पुलिस विभाग ओर से बिरोजा उद्योग से कांशीवाला दोसड़का तक जगह-जगह जाम से निपटने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है, लेकिन भारी व बड़े वाहनों के खासकर चढ़ाई वाले क्षेत्रों में फंसने के चलते लंबा जाम लग रहा है।
-
नौ सड़कों पर आवाजाही ठप
नाहन। सिरमौर जिले में अभी भी सारी सड़कें बहाल नहीं हो पाई है। बुधवार को जिले में 9 सड़कों पर आवाजाही ठप रही। डंगे गिरने के कारण कुछ सड़कें तो दो सप्ताह से अधिक समय से बंद पड़ी हैं। जिले में सबसे अधिक शिलाई की 4, संगड़ाह की 3, नाहन और पांवटा की 1-1 सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल नहीं हो पाई है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोग परेशानी झेल रहे हैं। खासकर किसान अपनी फसलों को बाजार तक पहुंचाने के लिए मुख्य सड़कों तक पैदल पहुंच रहे हैं।
संवाद