संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। ददाहू तहसील के अंतर्गत में दो दिनों के दौरान इंतकाल के 103 मामलों का निपटारा किया गया। इंतकाल को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया और देर शाम तक कार्यालयों में इंतकाल को लेकर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। इस दौरान इंतकाल के मामलों को तहसील कार्यालय व पटवार वृत्तों में निपटाया गया। ददाहू तहसील के अंतर्गत पड़ने वाले सभी 11 पटवार वृत्तों के लोंगो के इंतकाल किए गए। तहसीलदार जय सिंह ठाकुर ने बताया कि इंतकाल के 103 मामलों का निपटारा किया गया है। सरकार के निर्देशानुसार हर महीने के आखिरी दो दिनों में तहसील मुख्यालयों में विशेष राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान लोगों के भू इंतकाल सहित अन्य राजस्व मामलों का निपटारा किया जा रहा है। इस माह इंतकाल के सर्वाधिक 103 मामलों को निपटाया गया। इस मौके पर पटवार वृत्तों के पटवारी व नंबरदार मौजूद रहे।
0