नाहन (सिरमौर)। जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन में दो दिवसीय 38वीं संकुल स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित की गई जिसमें चंडीगढ़ संभाग के 10 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 240 प्रतिभागी छात्रों ने भाग लिया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हुआ।
प्राचार्य सुरेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में जेएनवी सिरमौर ने जेएनवी ऊना को दो अंकों से पराजित कर ट्रॉफी जीती। अंडर-17 में अंतिम मुकाबला जेएनवी बिलासपुर और जेएनवी ऊना के बीच हुआ।
इसमें जेएनवी बिलासपुर ने जेएनवी ऊना को 11 अंकों से पराजित कर ट्रॉफी हासिल की। अंडर-19 प्रतियोगिता में जेएनवी सिरमौर ने जेएनवी हमीरपुर को मात देकर विजयी ट्रॉफी हासिल की। समापन अवसर पर सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।