नाहन (सिरमौर)। नगर परिषद नाहन की भूमि पर अतिक्रमण व अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि छुट्टियों में रात के समय यह निर्माण किया गया है। हालांकि नगर परिषद इस मामले में पहले भी नोटिस जारी कर चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन नगर परिषद क्षेत्र में एमसी कॉलानी में कार्यकारी अधिकारी के कार्यालय से कुछ ही दूरी पर यह अतिक्रमण किया गया है। सूत्रों की मानें तो जिस भूमि पर निर्माण किया गया है वहां पहले भी ऐसी गतिविधियां की गई थीं। मामला संज्ञान में आने के बाद नगर परिषद ने नोटिस जारी किए थे। बता दें कि एमसी कॉलोनी के समीप ही कुछ समय पहले भी दो भवनों को नगर परिषद की भूमि पर बनाए जाने के आरोप लग चुके हैं। उधर, नगर परिषद के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल ऐसा मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। यदि नगर परिषद की भूमि पर अवैध निर्माण किया गया है तो कार्रवाई की जाएगी।