मुंबई में हुआ आईआईएम सिरमौर के पूर्व छात्रों का मिलन
सात बैचों के 100 से अधिक छात्रों ने ताजा की पुरानी यादें
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। भारतीय प्रबंधन संस्थान सिरमौर ने प्रतिष्ठित मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन परिसर (बीकेसी) में अपनी दूसरी पूर्व छात्र बैठक का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सात बैचों के 100 से अधिक पूर्व छात्र एक साथ शामिल हुए। लिहाजा, बीकेसी परिसर पुरानी यादों और पुनर्मिलन से भरी एक शाम बन गई।
कार्यक्रम की शुरुआत आईआईएम सिरमौर के निदेशक प्रोफेसर प्रो. प्रफुल्ल अग्निहोत्री के प्रेरक संबोधन से हुई। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में संस्थान की उल्लेखनीय वृद्धि और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उनके भाषण का उद्देश्य भविष्य में मौजूद संभावनाओं और अवसरों पर जोर देकर पूर्व छात्रों को प्रेरित करना था।
उन्होंने संस्थान की रणनीतिक पहलों का उल्लेख किया, जिसमेें एचपीसीएल और एनएसई जैसे संगठनों के साथ समझौता ज्ञापन, निकट भविष्य में स्थायी परिसर में पूर्व छात्रों की मेजबानी करने, आईआईएम सिरमौर परिवार के बीच संबंधों को मजबूती देने और संस्थान को शीर्ष बी-स्कूलों में स्थापित करने के सपने को साकार करने के बारे में आशा व्यक्त की।
मंच संभालते हुए पूर्व छात्र संबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. विकास कुमार ने आईआईएम सिरमौर के पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आईआईएम सिरमौर की कठोरता और संस्कृति के ध्वजवाहक के रूप में पूर्व छात्रों की भूमिका को स्वीकार किया।