होली बम और मशीनगन से सज गए नाहन के बाजार
होली के शौकीनों के लिए दुकानों पर नहीं आइटमों की कमी
दुकानदारों को उम्मीद इस बार खरीदारी पर होगा अच्छा मुनाफा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। एक बार फिर फागुन की बेला आ गई है। बाजार रंग-बिरंगे गुलालों और पिचकारियों से सज गए हैं। लाल, पीला, नीला, हरा, गुलाबी हर प्रकार के रंगों से दुकानें पट गई हैं। इन सजे हुए बाजारों को ग्राहकों का बेसब्री से इंतजार है। दुकानदारों को उम्मीद है कि इस बार की होली पर उनको अच्छा मुनाफा होगा।
रविवार को बाजार में लोग खरीदारी करते देखे गए। बाजार में होली बम, मशीनगन, टैंक, राफेल पिचकारी का क्रेज ज्यादा है। हर वर्ग के लिए बाजार में पिचकारियां, गुब्बारे और रंग मौजूद हैं। होली खेलने के शौकीन बच्चों और बड़ों के लिए बाजार में आइटमों की कोई कमी नहीं है। बाजार में 10 रुपये से लेकर 800 रुपये तक की पिचकारियां हैं। इनमें मशीनगन, टैंक, राफेल, छोटा भीम, एके-47, एंग्री बर्ड, बैंटेन, टॉम एंड जेरी, पावर-रेंजर बोतल पिचकारी, वोडाफोन, गणेश जी, जहाज, कार, वाटर गन, घोड़ा पिचकारी भी शामिल हैं।
इसके अलावा दुकानों में इस बार कई प्रकार के रंग व गुब्बारे भी सजे हैं जिसमें अबीर-गुलाल, सिंथेटिक, केमिकल, हर्बल रंग व होली बम भी शामिल हैं। यह बम, बत्ती में आग लगाते ही बम की तरफ फटेगा और चारों और गुलाल छोड़ देगा। इसके अलावा पानी वाले गुब्बारों में पानी भरने की दिक्कत को देखते हुए बाजार में पाइप लगे गुब्बारे भी आ गए हैं। नल की टोटी के साथ लगाते ही एक साथ 10 गुब्बारों में पानी भर जाएगा जिन्हें बेहद आसानी से निकाल कर फोड़ा जा सकता है। कपिल गर्ग ने बताया कि उनकी दुकान पर हर प्रकार की पिचकारी है। युवाओं में इस बार भी अच्छा उत्साह देखा जा रहा है।
पंकज तन्हा