नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग खंड धगेड़ा की ओर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर धानक्यारी में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में 45 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां दी गईं। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनीषा अग्रवाल ने बताया कि उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (शुगर) रोगों की विशेष जांच की गई। बीपी के दो और शुगर के तीन नए मरीजों की पहचान हुई। पहले से बीपी से ग्रसित 13 और शुगर के 11 मरीजों के स्वास्थ्य की भी समीक्षा की गई और उन्हें नियमित उपचार व जीवनशैली संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गर्मी के मौसम को देखते हुए लोगों को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, दस्त, उल्टी तथा अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में बाहर निकलने से बचने, स्वच्छ भोजन करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई।