नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य खंड धगेड़ा के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बर्मा पापड़ी में बुधवार को आयुष्मान आरोग्य एवं निक्षय शिविर लगाया गया। 73 लोगों की ओपीडी दर्ज की गई। इनमें 30 पुरुष और 43 महिलाएं शामिल रहीं। इस दौरान 53 लोगों के एक्सरे किए गए। कार्यवाहक खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. छवि बंसल ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य जांच के दौरान पुराने 12 मरीजों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या पाई गई, जबकि तीन नए मरीज हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित मिले। मधुमेह के नौ पुराने मरीजों की जांच की गई और दो नए मरीजों में मधुमेह की पुष्टि हुई। पांच लोगों में एनीमिया पाया गया। शिविर में कान-नाक-गला (ईएनटी) से संबंधित छह मरीजों, दांतों से संबंधित पांच और आंखों से संबंधित चार मरीजों की जांच की गई। वहीं, टीबी की संभावित जांच के लिए कुछ मरीजों को बलगम जांच के लिए रेफर किया गया।