नाहन (सिरमौर)। आयुष विभाग जिला सिरमौर की ओर से स्वस्थ नारी सशक्त अभियान के तहत अब तक 8365 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य जांच, योग सत्र और जागरुकता कार्यक्रमों में भाग लिया। 17 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न आयुष संस्थानों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य एवं जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें विशेष रूप से महिलाओं में एनीमिया की रोकथाम, मातृ एवं किशोर स्वास्थ्य में सुधार, संतुलित आहार का प्रोत्साहन, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों मधुमेह, थायरॉइड, पीसीओएस, मोटापा, उच्च रक्तचाप की जांच, परामर्श, योग और प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर बल दिया जा रहा है। जिला आयुष अधिकारी डॉ. इंदु शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण का संदेश दिया गया। आयुष चिकित्सकों की ओर से महिलाओं और किशोरियों को संतुलित आहार, आयरन युक्त भोजन, मासिक धर्म स्वच्छता, मातृ स्वास्थ्य, एनीमिया नियंत्रण और पारंपरिक औषधियों के महत्व की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य केंद्रों में अब तक 8143 लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई।