पंजाहल, कौलांवालाभूड़ और हरिपुरखोल में लगाए गए शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस सेवा पखवाड़ा के तहत नाहन विधानसभा क्षेत्र में तीन निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगए गए। पंजाहल, कौलांवालाभूड़ और हरिपुर खोल में में 511 रोगियों के स्वास्थ्य की जांच की गई और निशुल्क दवाइयां दी गईं। भाजपा जिला महामंत्री एवं शिविर प्रभारी तपेंद्र शर्मा ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल के मार्गदर्शन में पंजाहल में आयोजित शिविर में 183, कौलावालांभूड़ में 146 और हरिपुरखोल में 180 रोगियों की जांच की गई और दवाइयां दी गईं। यह शिविर साईं अस्पताल के सहयोग से भाजपा मंडल नाहन धारटी, भाजपा मंडल माता त्रिलोकपुर और भाजपा मंडल माता कटासन की ओर से आयोजित किए गए। स्वास्थ्य शिविरों के दौरान पंजाहल में 300 प्राथमिक उपचार किट, कौलावालाभूड़ में 300 प्राथमिक उपचार किट, 70 राशन किट, 30 पेटियां दूध, 70 कंबल और हरिपुर खोल में 80 राशन किट, 80 बाल्टियां वितरित की गईं।