बरसात के मौसम में पहाड़ों में सड़कों पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। कभी भी सड़क पर पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिर सकते हैं। ऐसा ही मामला श्री रेणुकाजी को जोड़ने वाली नाहन-ददाहू-संगडाह सड़क पर वीरवार देर शाम को पेश आया है। यहां अचानक एक चलती कार पर पत्थर गिर गए। हादसे में कार में सवार चार लोग घायल होने की सूचना है। हादसा बड़ोलिया मंदिर के समीप पेश आया है।
जानकारी के अनुसार एक कार नाहन से ददाहू की तरफ जा रही थी, जैसे ही कार बड़ोलिया मंदिर के समीप पहुंची तो पहाड़ी से पत्थर कार पर आ गिरे। इस हादसे में चार लोगों पदम देव (34) निवासी भराड़ी, नेत्र सिंह (60) निवासी धनास, विक्की सिंह (34) निवासी पुन्नर धार और सुनील कुमार (35) निवासी चाडना घायल हो गए। उधर, ददाहू सिविल अस्पताल के प्रभारी डा अशोक ठाकुर ने बताया कि चारों घायलों का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। सभी की हालत खतरे से बाहर है।