माता बाला सुंदरी मंदिर में शीश नवाने कतार में खड़े श्रद्धालु। स्रोत: पाठक
त्रिलोकपुर में पौष मास कृष्ण पक्ष दशमी को भारी संख्या में पहुंचे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब। प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में रविवार को पौष मास कृष्ण पक्ष दशमी के पावन अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में हाजिरी लगाकर शीश नवाया। प्रात:काल से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था जो दिन भर जारी रहा। हरियाणा के पानीपत, कैथल, पिहोवा, करनाल और जींद सहित विभिन्न शहरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी कुल देवी माता बाला सुंदरी के दर्शन के लिए त्रिलोकपुर पहुंचे। यहां दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए, वहीं भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चाक-चौबंद रही। दूरदराज से आए श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर न्यास समिति के प्रभारी विजयपाल सिंह ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। इसे देखते हुए न्यास समिति की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा, अनुशासन और शांतिपूर्वक माता के दर्शन किए।
-