सतौन में अग्निकांड के दौरान जलकर राख हुआ सामान। संवाद
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब/सतौन(सिरमौर)। गिरिपार की ग्राम पंचायत सतौन में सेवानिवृत्त शिक्षक के घर में लगी आग से विद्युत संचालित उपकरण समेत अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि पटवारी की ओर से क्षति की रिपोर्ट तैयार किए जाने पर ही आग से वास्तविक क्षति का पता चल सकेगा। इस घटना से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
सतौन निवासी वीरेंद्र सराव ने बताया कि मंगलवार को सुबह नौ बजे से ही बिजली नहीं थी। शाम के समय बाजार गये थे। बाजार से जब वह वापस पहुंचे तो स्टोर रूम की तरफ से धुआं दिखाई दिया।
उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों के साथ पानी की पाइप जोड़कर आग बुझाने के प्रयास किए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। वीरेंद्र सराव ने बताया कि शॉर्ट सर्किट होने पर चिंगारी स्टोर में रखे सामान पर गिरने से संभवता यह आग की घटना हुई।
उन्होंने बताया कि इस दौरान स्टोर में एलईडी, विद्युत संचालित उपकरण व अन्य सामान जलकर राख हो गया। सतौन सर्किल के पटवारी शांति चौहान ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। मौके पर जाकर क्षति रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों, तहसीलदार कमरऊ को भेजी जा रही है।