कहा, फरवरी में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में उठाया था मुद्दा, शाम को नशेड़ियों के कारण महिलाओं को चौक के पास से गुजरना कठिन
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। डोबरी सालवाला पंचायत के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुरुवाला चौक से शराब ठेका और अहाते को हटाने की मांग रखी है। चार माह पहले सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में मुद्दा उठाया था। राजस्व मंत्री ने तब प्राथमिकता से इसका समाधान करने के निर्देश दिए थे। पंचायत प्रधान प्रेम सिंह का कहना है कि संबंधित विभाग इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा है, जिससे ग्रामीणों, खास कर महिलाओं को दिक्कतें आ रही हैं। सालवाला पंचायत के प्रधान प्रेम सिंह, अनिल कुमार गौतम, रतन लाल, भरतू चौधरी, मदन लाल, कल्याण सिंह, सुमित्रा देवी, संध्या देवी, झूमा देवी और सुखा देवी ने कहा कि फरवरी में सालवाला में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम हुआ था, जिसमें हिमाचल प्रदेश के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के समक्ष पंचायत के माध्यम से पुरुवाला चौक पर शराब ठेका और अहाते को हटाने का मुद्दा उठाया था, क्योंकि शाम ढलते ही चौक से पास ठेका और अहाता होने से महिलाओं को आना-जाना कठिन हो जाता है। वहीं, कई नशेड़िये महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं, इसलिए ठेके को इस स्थल से दूर ले जाने का आग्रह किया था। मौके पर मंत्री ने प्राथमिकता से इस मुद्दे के समाधान को संबंधित आबकारी एवं कराधान विभाग अधिकारियों को आदेश भी दिए थे, लेकिन चार माह बाद भी विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया है। इसके चलते पंचायत इस बारे में प्रदेश के मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री व जिला प्रशासन को शीघ्र एक रिमांइडर पत्र भेज रहे हैं।