20 लाख रुपये से बनी लाइब्रेरी में लगे हैं 30 अत्याधुनिक कंप्यूटर
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। गुरु गोबिंद सिंह राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब में आधुनिक सुविधाओं से युक्त डिजिटल लाइब्रेरी का प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने शुभारंभ किया। डिजिटल लाइब्रेरी लगभग 20 लाख रुपये की लागत से विद्यार्थियों की सुविधा के लिए स्थापित की गई है। इसमें 30 अत्याधुनिक कंप्यूटर लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ई-बुक्स, ई-जर्नल्स एवं विभिन्न ऑनलाइन ट्यूटोरियल्स की सुविधा निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। यह पहल विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना में लाइब्रेरी कमेटी के कन्वीनर प्रो. मनदीप सिंह गांधी तथा सदस्यों डॉ. जसवंत सिंह सैनी, डॉ. दीपक, प्रो. प्रीति, प्रो. प्रतिभा, प्रो. चीनू बंसल, प्रो. सुनील कुमार और डॉ. सुशील तोमर का विशेष योगदान रहा। प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं को डिजिटल लाइब्रेरी के महत्व और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।