पांवटा साहिब (सिरमौर)। माजरा पुलिस थाना के तहत मिश्रवाला में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर परिजनों ने उसे एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक ने हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया। लेकिन, परिजन मरीज को हरियाणा के एक अस्पताल में लेकर गए जहां अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी अनुसार संजीव कुमार (34) पुत्र रोशन लाल निवासी मिश्रवाला ने बुधवार रात को कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को पता चला। इसके बाद 108 एंबुलेंस से व्यक्ति को सिविल अस्पताल पांवटा रात को पहुंचाया गया। पांवटा सिविल अस्पताल में डॉ. मनीषा ने संजीव कुमार की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि परिजन संजीव को हरियाणा के किसी अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए, जहां उसकी मौत हो गई। डीएसपी सोमदत्त ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।