ददाहू (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की पंचायत खूड द्राबिल में मंगलवार देर रात को एक मासूम करंट लगने से झुलस गया। परिजनों की सहायता से उसे घायल अवस्था में सिविल अस्पताल ददाहू लाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया गया। रेणुका पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। प्राप्त सूचना के अनुसार खूड द्राबिल गांव का 9 वर्षीय अंकित मंगलवार शाम को जंगल से बकरियां चराकर घर लौट रहा था। जंगल में लगे बिजली के ट्रांसफार्मर के नजदीक से गुजरते समय अचानक वह करंट की चपेट में आ गया। इससे उसका पेट पूरी तरह से झुलस गया। करंट का झटका इतना तीव्र था कि वह काफी दूर जा गिरा, जिससे उसके सिर में भी गहरी चोटें आई हैं। सीटी स्कैन करवाने के लिए उसे नाहन रेफर किया गया। जहां मासूम की हालत स्थिर बनी हुई है। एसएचओ रेणुका देवी सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया में यह मामला किजली बोर्ड की लापरवाही का लगता है। मौके पर पुलिस कर्मियों को भेजा गया है। फिलहाल मामला दर्ज नहीं किया गया है।