पटवार सर्कल शिवपुर के तहत गांव बांगरण में सुंदर सिंह की एक रसोई एवं गौशाला तथा पड़ोसी जगमाल सिंह की एक गौशाला में सोमवार को अचानक आग भड़क गई। आग इतनी तेज थी कि मकान मालिक एक भी सामान बचा नहीं सके। हालांकि गौशाला में एक भी पशु नहीं बंधा था। पशुओं को हमेशा की तरह भी पेड़ की छाया के नीचे बांध रखा था जिससे पशु के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
दमकम विभाग की टीम भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। दमकम विभाग के लिडिंग फायरमैन रमेश दत्त, विनोद कुमार, जयपाल तथा रणजीत सिंह ने बताया कि सुंदर व जगमाल दोनों गरीब परिवार से हैं। सुंदर की रसोई तथा गौशाला तथा जगमाल की गौशाला आग की भेंट चढ़ी। हालांकि जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है।
इस दौरान स्थानीय पंचायत उपप्रधान गुरमीत सिंह, राजस्व विभाग से पटवारी गीताराम, पुलिस प्रशासन, दमकम विभाग एवं ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर भारी नुकसान होने से बचा लिया है।
उधर, सर्कल पटवारी गीता राम ने आगजनी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सुंदर सिंह की रसोई घर तथा गौशाला एवं जगमाल की गौशाला आग की भेंट चढ़ गई। उन्होंने बताया कि दोनों घरों को 60 हजार रुपये तक का नुकसान होने की संभावना है।