पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा पुलिस टीम ने बहराल-सतीवाला मार्ग पर खैर की लकड़ी समेत 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक स्कॉर्पियों में खैर की लकड़ी के 20 नग चोरी छिपे हरियाणा ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बहराल के समीप नाका लगाकर लकड़ी व आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पांवटा पुलिस व सुरक्षा शाखा टीम को लकड़ी की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद वीरवार देर शाम से बहराल-सतीवाला मार्ग पर पुलिस ने नाका लगा दिया।
एएसआई अशोक कुमार, सुरक्षा शाखा के मुख्य आरक्षी सेवा सिंह, धर्म सिंह, आरक्षी नवराज व उमेश की टीम चौकस नजर आवागमन वाले वाहनों पर रख रही थी। इस बीच हरियाणा की तरफ जाने वाली एक स्कार्पियों एचआर 01बी 3373 को चेकिंग के लिए रुकवाया गया। वाहन में छिपा कर रखी गई अवैध खैर लकड़ी के 20 मोछे (नग) बरामद हुए। इसके बाद वाहन में सवार दो आरोपियों मुस्तकीम (24) निवासी कलेसर खिदराबाद, हरियाणा व मुंसीफ (23) निवाली आंबवाली खदराबाद यमुनानगर हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी घुतनपुर क्षेत्र से अवैध खैर की लकड़ी हरियाणा ले जाने के लिए रवाना हुए थे।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि बहराल-सतीवाला मार्ग पर नाका लगाया था। नाकाबंदी के दौरान हरियाणा निवासी दोनों आरोपियों मुस्तकीम मुंसीफ की स्कॉर्पियों गाड़ी से अवैध खैर की लकड़ी बरामद हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379 व वन्य अधिनियम की धारा 41 व 42 के तहत मामला दर्ज हुआ है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।