पांवटा साहिब (सिरमौर)। नकाबपोश व हथियार से लैस चोर गिरोह ने पांवटा के बद्रीपुर में एक दुकान को लूट लिया। फिल्मी स्टाइल में नकाब पहन कर आए तीन शातिरों ने पहले जैक लगाकर दुकान का ताला उखाड़ लिया और दुकान में रखी नकदी, नोटों के हार और कॉस्मेटिक का सामान लेकर फरार हो गए। हालांकि, दुकानदार ने नकाबपोशों का काफी दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन वह वहां से भागने में कामयाब हो गए।
पांवटा के बद्रीपुर से जामनीवाला मार्ग पर आशिक अली की दुकान है। शनिवार मध्य रात्रि चोरों ने कास्मेटिक एंड गिफ्ट शॉप का शटर उखाड़ कर 20 हजार नकदी, करीब 80 हजार राशि की नोटों के हार मालाएं व डेढ़ लाख के ब्रांडेड क्रीम, परफ्यूम समेत दुकान में रखी कॉस्मेटिक सामग्री उड़ा ली। दुकान के साथ ही लगते भवन में मालिक का परिवार सोया था।
आशिक अली ने कहा कि मध्य रात्रि को दूसरी मंजिल पर दुकान के शटर का खटका हुआ। इसके बाद नींद खुली। चोरी का आशंका होने पर शोर मचाया, तो 3 नकाबपोश चोर घर की पिछली दीवार से सामान सहित कूद कर भागते नजर आए। शीघ्रता से बाइक निकाल कर गुज्जर कॉलोनी तक पीछा भी किया। चोरों के पास हथियार (संभवता देसी कट्टा) व लोहे की रॉड थी। इस दौरान चोरों ने हथियार व रॉड लहरा कर धमकाने की कोशिश की। अकेला होने के कारण कुछ दूरी तक पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठा कर चोर भागने में सफल हो गए।
हालांकि, भगदड़ में चोरी किया सामान का एक छोटा बोरी नुमा कट्टा, करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में ही गिर गया। इसमें भी चोरों ने नोटों के हार व कास्मेटिक सामान भरा हुआ था। इसके बाद स्थानीय पुलिस थाने में सूचना कर दी गई।
उधर, एसएचओ पांवटा अशोक चौहान ने पुष्टि की है। एसएचओ ने कहा कि शिकायत मिली है। मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है, शीघ्र आरोपियों को दबोचा जायेगा।