जिला पुलिस टीम श्रीराम शरणम आश्रम मार्ग पर महिला शिक्षिका की निर्मम हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। टीम इस ब्लाइंड मर्डर के पीछे के कारण तलाश रही है और तीन थ्योरी पर कार्रवाई कर रही है।
किसी की पुरानी रंजिश, लूटपाट के प्रयास या बलात्कार के प्रयास के बाद हत्या को अंजाम देने की आशंका से मना नहीं किया जा सकता है। शिक्षिका के पिता रूप चंद ने भी अपनी बेटी की हत्या की आशंका जताई है साथ ही मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों को सजा की मांग रखी है।
जिस खेत में बिजली टॉवर के नीचे महिला शिक्षिका का शव मिला है, वह खेत के एकदम आवागमन के संपर्क मार्ग के साथ लगता है। जो महिला शिक्षिका के मकान से केवल 50 से 60 मीटर की दूरी पर है। इस स्थान से कुछ दूरी पर एक आश्रम, करीब 8-10 घर तथा सड़क के दूसरी तरफ आम का बाग है। दिन भर पैदल या वाहन से कोई न कोई चला रहता है। कहा जा रहा है कि इस स्थल पर वाहन भी खड़े रहते हैं, आम के बाग में कई नशेड़ियों का अड्डा भी है। महिला स्कूल से वाई प्वाइंट चौक पर सवा 3 बजे पहुंच जाती थी। शिक्षिका के सिर व ओंठों के समीप पत्थरों से बुरी तरह से वार, गले में भी निशान बताए जा रहे हैं।
लोगों का मानना है कि दिन दहाड़े किसी ने इसी स्थान पर मर्डर किया होता तो मारपीट के दौरान चीखें साथ लगते घरों तक जरूर पहुंचती। मौके पर पहुंचे लोगों का कहना है कि महिला की निर्ममता से हत्या हुई है। हत्याकांड में कोई नजदीकी तथा एक से ज्यादा आरोपी शामिल हो सकते हैं। पुलिस जांच टीम एनएच पर वाई-प्वाइंट के समीप लगे सीसीटीवी के फुटेज भी खंगालेगी जिससे सोमवार को करीब सवा तीन बजे स्कूल बस से उतरने बारे सही समय का पता चलेगा। इस दौरान इस मार्ग की तरफ जाने वाले वाहन या लोगों का भी पता लगाया जा सकेगा।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने कहा कि हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। जिससे शिक्षिका सुनीता नेगी हत्या के आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सकें। आईजीएमसी शिमला से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कई सवालों का खुलासा हो सकेगा।
बाक्स...
जुझारु, मिलनसार व दमदार थी बेटी-पिता
सुनीता के पिता हरियाणा के डेरा बस्सी से रूप चंद, मां कमला देवी व भाई हरीश नेगी पांवटा पहुंचे। मौके पर पहुंचे पिता का कहना है कि मर्डर कर जहां उसे फेंका गया है हो सकता है कि पुलिस जांच को भटकाने के लिए कहीं और हत्या कर शव यहां फेंक दिया हो। पिता ने कहा कि हत्या के पीछे किसी की कोई पुरानी रंजिश भी हो सकती है। बेटी शिक्षा में अग्रणी रहती थी। जुझारू सबको हौंसला देने वाली एवं साहसी थी। उनके पास तीन बेटियां व एक बेटा है।
उनकी बेटी ने एक बार फोन पर बताया था कि देवर अपनी बीबी को तंग करता रहता था। कुछ माह पहले निर्भय होकर देवर की शिकायत पुलिस थाने में भी कर दी गई थी। पुलिस जांच टीम हर पहलू पर गंभीरता से जांच करें जिससे हत्या का आरोपी दबोचा जा सके।