कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक नगरी कालाअंब के कई गांवों में लगाए गए बिजली के स्मार्ट मीटर ने उपभोक्ताओं के होश फाख्ता कर दिए हैं। कहने के लिए यह स्मार्ट मीटर हैं, मगर इन मीटरों की रीडिंग के बाद काटे गए बिल उपभोक्ताओं के लिए किसी बड़ी परेशानी से कम नहीं है। आलम यह है कि आम बिल के मुकाबले उपभोक्ताओं को 10 गुणा ज्यादा बिल थमा दिए हैं। इसको लेकर मंगलवार को उपभोक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल एसई बिजली बोर्ड से मिला।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल कालाअंब पंचायत के उपप्रधान संजीव कुमार, रामलाल, गुरमेल सिंह, महिमाराम, संजय कुमार, सतपाल सिंह, लाल सिंह, नायब सिंह, राजेश कुमार, ओमलाल, हुकम सिंह व रमेश कुमार आदि ने बताया कि करीब दो माह पहले कालाअंब क्षेत्र के नागल सुकैती, खारा खारी, जोहड़ों व रामपुर जट्टान आदि इलाकों में बिजली बोर्ड ने नए मीटर लगाए हैं। जब बोर्ड के कर्मियों ने उपभोक्ताओं को बिजली के बिल थमाए तो लोगों के होश उड़ गए।
उन्होंने बताया कि रमेश कुमार का बिल एक लाख के करीब आया है। जबकि कच्चे मकान में रहने वाले हुकम सिंह को 19 हजार रुपये बिल थमाया गया है। इसके अलावा अन्य उपभोक्ताओं को भी 10 गुणा के करीब इजाफा कर बिल दे दिए हैं। उन्होंने बोर्ड के अधीक्षण अभियंता से मांग की है कि इन प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए नए मीटर उतारकर पुराने मीटर लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का कोई भी उपभोक्ता इतने भारी भरकम बिलों का भुगतान नहीं कर सकता। उन्होंने बताया कि पहले ही इलाके में बिजली का संकट बना रहता है। बावजूद इसके भी उपभोक्ताओं को हजारों के बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने बोर्ड से इसकी जांच की मांग भी की।
उधर, एसडीओ कालाअंब जगदीश अत्री ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट के तहत लगाए गए हैं। उन्होंने माना कि कुछ उपभोक्ताओं के बिजली के बिल ज्यादा आए हैं। मीटर रीडिंग के अनुसार ही उपभोक्ताओं को बिल दिए गए हैं। इस प्रोजेक्ट के तहत इलाके में 1300 के करीब नए मीटर लगाए गए हैं।