नाहन (सिरमौर)। लगभग ढाई साल पहले कालाअंब क्षेत्र से पाइपों से लदे ट्रक के चोरी होने के मामले में वांछित चल रहे किशन कुमार उर्फ चौटाला को कालाअंब पुलिस ने दबोच लिया है। वीरवार को उसे कालाअंब पुलिस ने हरियाणा के भिवानी इलाके से गिरफ्तार किया। उसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
जानकारी के अनुसार 31 जनवरी 2014 को कालाअंब से जे एलॉय कंपनी का पाइपों से लदा ट्रक गंतव्य तक नहीं पहुंचा था। इस मामले में कंपनी की ओर से चोरी का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने ट्रक चालक-परिचालक व एक कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इस वारदात के मुख्य मास्टर आरोपी विजय व किशन फरार चल रहे थे। इनमें से पुलिस ने किशन कपूर को दबोच लिया। किशन की गिरफ्तारी को लेकर कालाअंब पुलिस ने पूरा जाल बिछाया था। कालाअंब पुलिस के पहुंचने से पहले किशन को हरियाणा पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया। इसके बाद कालाअंब पुलिस उसे के सुपुर्द किया गया।
थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि इस घटना में अब तक भी ट्रक का कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ट्रक की बरामदगी को लेकर भी प्रयास किए जाएंगे।