नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में दिनदिहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। शातिर चोर एक मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए और सोने-चांदी के आभूषणों सहित अन्य सामान पर हाथ साफ कर लिया। इससे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नाहन शहर के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में रविवार को चोरी की वारदात हुई है। पुलिस को दिए बयान में अजय ठाकुर ने कहा है कि उसकी मां कार्य से शिमला गई हुई थी। जांच अधिकारी के अनुसार अजय ठाकुर दोपहर को जब घर गया तो दरवाजे के टूटे हुए ताले देखकर उसके होश फाख्ता हो गए। भीतर तमाम सामान बिखरा हुआ था।
घर में रखी सोने की चेन, लॉकेट और कुछ अन्य सामान गायब पाया गया जिसकी रिपोर्ट उसने तुरंत गुन्नूघाट पुलिस चौकी में की। पुलिस टीम ने मौके का मुआयना कर छानबीन शुरू कर दी है।
एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि अजय ठाकुर के बयान पर पुलिस ने भादंसं की धारा 457 और 380 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही चोरी को अंजाम देने वाले शातिर सलाखों के पीछे होंगे।