नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के संगड़ाह इलाके में वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर ग्रामीणों ने न केवल खेत खलियान बना डाले बल्कि कच्चे और पक्के मकान भी बना डाले। तीन दर्जन से भी अधिक ग्रामीणों के खिलाफ पुलिस ने अवैध अतिक्रमण करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस प्राथमिकता के आधार पर इस मामले की छानबीन कर रही है। इस मामले में करीब 39 लोगों का नामजद भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार रेंज अफसर फोरेस्ट संगड़ाह की शिकायत पर पुलिस थाना संगड़ाह में भादंसं की धारा 447 के तहत अतिक्रमण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरक्षित वन गाता, मंडवाच व घाटों में कुछ व्यक्तियों ने वर्षों से अवैध कब्जे कर रखे हैं। आरक्षित वन भूमि पर ग्रामीणों ने न केवल खेती-बाड़ी शुरू कर दी है बल्कि कच्चे और पक्के मकानों का भी निर्माण कर रखा है। पुलिस के अनुसार राजस्व विभाग की ओर से निशानदेही करने पर कब्जे की पुष्टि भी हुई है। उक्त आरक्षित भूमि पर गाता, सांगना व सताहन के ग्रामीणों के कब्जे पाए गए हैं।
पुलिस ने रेंज अफसर की शिकायत के आधार पर ग्रामीण दौलत राम, देवी राम, नेतर सिंह, कुंदन सिंह, जाति राम, केदार सिंह, रामसा, संत राम, मान सिंह, दलीप सिंह, लायक राम, शिवराम, बली राम, इंद्र सिंह, बहादुर सिंह, बिशन सिंह, कुंदर सिंह, मीना राम, हीरा सिंह, सुरतू, सही राम, भूप सिंह, देवराज, बलबीर सिंह, सुरतू, गुमान सिंह, बलीराम, संत राम, कालिया, राईया, अमर सिंह, प्रदीप कुमार, तुलसी राम, प्रताप सिंह, नैन सिंह, हीरा सिंह, गुमान सिंह, धोंगु राम आदि पर मामला दर्ज किया है।
एसपी सौम्या सांबशिवन ने मामले मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के इस मामले का अन्वेक्षण जारी है।