नाहन/ राजगढ़ (सिरमौर)। बडू साहिब मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। प्राथमिकी में शिकायतकर्ता ने कुछ सेवादार और छात्राओं को आरोपी बनाया है। इनमें आधा दर्जन छात्राओं के नाम शिकायतकर्ता मुख्य ग्रंथी ने एफआईआर में दर्ज करवाए हैं।
मुख्य ग्रंथी एवं सेवादार इंद्रजीत कौर, यूपी के पीलीभीत की छात्रा मनिंदर कौर व पंजाब के संगरूर की सतवीर कौर ने शिकायत में कहा कि 24 जून को बडूसाहिब में उनके साथ मारपीट हुई और बंधक बनाया।
पुलिस ने मामले में भादंसं की धारा 341, 342, 323 व 147 के तहत मामला दर्ज गंभीरता से छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी राजगढ़ योगेश रोल्टा ने बताया कि तीनों का मेडिकल कर दिया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी से भी रिकार्ड खंगालेगी।
उधर कलगीधर ट्रस्ट बडूसाहिब इन आरोपों को बेबुनियाद करार दे रहा है। ट्रस्ट के मुख्य सदस्य जगजीत सिंह काकावीर ने कहा कि दरबार साहिब में किसी को बंधक नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि चीमा साहिब में ट्रस्ट के साथ चल रहे विवाद के चलते यहां पर यह घटना जानबूझकर ट्रस्ट को बदनाम करने के लिए करवाई गई है।
--
एसपी सिरमौर से मिले सिख समुदाय के लोग
मंगलवार दोपहर बाद एसपी सिरमौर से सिख समुदाय के दर्जनों लोग मिले। इस दौरान समुदाय के लोगों ने एसपी को बताया कि बडू साहिब में मुख्य ग्रंथी व दो छात्राओं से मारपीट व उन्हें बंधक बनाना अशोभनीय है। उन्होंने एसपी से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पहले भी बडू साहिब में इस तरह के मामले सामने आए हैं। पिछले साल बडू साहिब में पंजाब के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। इस मामले को भी प्रशासन ने दबाया। पंजाब व हरियाणा से आए सिख लोगों ने बडू साहिब प्रशासन पर कई गंभीर आरोप लगाए। सनद रहे कि सिख समुदाय के लोग एसपी से मिलने सोमवार की शाम नाहन पहुंचे थे, मगर घंटों इंतजार के बाद भी एसपी कार्यालय नहीं पहुंची। मंगलवार को दोपहर बाद सिख लोग मामले को लेकर एसपी से मिले।
--
सोमवार की रात हुए मेडिकल
शिकायतकर्ता मुख्य ग्रंथी व दो छात्राओं को मेडिकल के लिए सोमवार की रात को राजगढ़ अस्पताल ले जाया गया। अभी मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है। सिविल अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर भूपेंद्र ने बताया कि किसी को बाहरी चोट नहीं पाई गई। जबकि एक छात्रा के नाक से खून आना पाया गया है। उन्होंने कहा कि अंदरुनी चोटों के लिए इन तीनों को एक्सरे के लिए कहा गया है।
--
पच्छाद थाना में मामला दर्ज : एसपी
एसपी सिरमौर सौम्या साम्बशिवन ने बताया कि मामला पच्छाद पुलिस थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुट गई है।