संगड़ाह (सिरमौर)। संगड़ाह में लोगों के गहने लगकर चंपत हुआ ज्वेलर अभी तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। पुलिस ने ज्वेलर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं। इस संदर्भ में स्टेट बैंक ऑफ पटियाला, यूको बैंक और कोऑपरेटिव बैंक के प्रबंधकों को पुलिस ने पत्र जारी किए हैं। जबकि कथित ज्वेलर की तलाश में पुलिस टीम जुट गई। पुलिस की टीम जल्द बिहार का रूख कर सकती है। वहीं, उसके मोबाइल लोकेशन को भी ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
संगड़ाह के एक ज्वेलर पर लोगों के सोने-चांदी के गहने लेकर चंपत होने के आरोप है। संगड़ाह में ज्वेलरी का कार्य करने वाले आरोपी के पास कई लोगों ने अपने गहने बनवाने और मरम्मत के लिए दिए हुए हैं जिनका अब कोई अता-पता नहीं है।
क्षेत्रवासी संजीव कुमार व आशा शर्मा के तकरीबन चार लाख रुपये के गहने लेकर फरार हुए इस व्यक्ति के बैंक खातों को सीज कर दिया गया है। 20जनवरी की रात आरोपी राजेश शाह अपना सामान लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों को चूना लगाने के अलावा आरोपी ने एक बैंक की शाखा को भी चूना लगाया है क्योंकि इस बैंक से आरोपी ने लगभग दो लाख रुपये का ऋण लिया हुआ था। सोमवार को आरोपी के खिलाफ भादंसं की धारा 420 व 406 के तहत मामला दर्ज हुआ है। एसएचओ पंछी लाल ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते सीज कर दिए गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उसे दबोचने के लिए जगह-जगह दबिश भी दी जा रही है।