कालाअंब (सिरमौर)। त्रिलोकपुर में पंजाब से आए एक श्रद्धालु की ढांक से गिरकर मौत हो गई। श्रद्धालु की पहचान दीप सिंह (65) पुत्र नसीब सिंह निवासी लोह सिंबली, तहसील राजपुरा, पटियाला (पंजाब) के रूप में हुई है। कालाअंब पुलिस ने शव को मेडिकल कॉलेज नाहन में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को भी इस बारे में सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात को दीप सिंह अपने साथी निर्मल सिंह के साथ त्रिलोकपुर से ललिता देवी मंदिर माथा टेकने जा रहा था। बीच रास्ते में वह शौच के लिए रुका। इस दौरान अंधेरे में व्यक्ति गहरी ढांक में जा गिरा। हालांकि, काफी देर तक बुजुर्ग का साथी निर्मल सिंह उसके आने की इंतजार करता रहा। जब बुजुर्ग शौच करके नहीं लौटा तो उसके साथी ने उसे ढूंढने की कोशिश की। लेकिन, अंधेरे में कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह बुजुर्ग का शव दूसरे श्रद्धालुओं ने ढांक में पड़ा देखा। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा।
उधर, कालाअंब पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। नाहन मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।