राजगढ़ (सिरमौर)। पुलिस ने छेड़छाड़ के मामले में एक उद्घोषित अपराधी को पकड़ने में सफलता हासिल की है। सोमवार को जब पुलिस दल भगोड़े को पकड़ने के लिए पहुंचा तो फिर से पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए उसने छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उसे काबू कर लिया। जानकारी के मुताबिक बगड़ बनोटी निवासी रामलाल पर एक महिला से छेड़छाड़ का मामला अदालत में चल रहा था। पेशी पर न जाने के कारण अदालत ने रामलाल को भगोड़ा घोषित कर दिया था। डीएसपी दुष्यंत सरपाल ने बताया कि पुलिस को जब उसके बारे में सूचना मिली तो फटी पटेल चौकी में तैनात मुख्य आरक्षी आत्माराम और पीयूष परमार के नेतृत्व में पुलिस दल ने उसके घर बगड़ बनोटी में दबिश दी। इस दौरान उसने पुलिस कर्मी को धक्का देकर छलांग लगाकर भागने का प्रयास भी किया लेकिन पुलिस कर्मियों की चौकसी की वजह से उसे दबोच लिया गया। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया है। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।