नाहन (सिरमौर)। आईपीएच विभाग नाहन ने मंगलवार को वार्ड नंबर-1 में लंबे अर्से से चल रहा अवैध कनेक्शन काट दिया। विभागीय अधिकारियों को मंगलवार को सूचना मिली कि वार्ड नंबर एक के ढाबो मोहल्ले में मछली पालन विभाग की ओर जाने वाले रास्ते में किसी ने अवैध कनेक्शन जोड़ रखा है। इसके बाद विभाग के एसडीओ आशीष राणा, कनिष्ठ अभियंता प्रदीप कुमार, सुपरवाइजर अजय ने टीम के साथ मौके पर दबिश दी। वहां कनेक्शन की जांच करने के बाद अधिकारियों ने पाया कि एक व्यक्ति ने अवैध कनेक्शन जोड़ा हुआ है। इसके बाद उन्होंने उस अवैध कनेक्शन को काट दिया।
इस दौरान विभाग की टीम ने मौके पर पुलिस कर्मियों को भी बुला लिया था। अवैध कनेक्शन जोड़ने वाले के माफी मांगने पर विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल मामला दर्ज नहीं करवाया।
उधर, विभाग के एसडीओ आशीष राणा ने एक अवैध कनेक्शन काटे जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि उनके रहते अवैध कनेक्शन जोड़ने वाले व्यक्ति को अब पानी का कनेक्शन जारी नहीं किया जाएगा ताकि इस कार्य को करने वाले व्यक्ति को सबक मिले।