सरकारी सीमेंट के दुरुपयोग पर केस दर्ज
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के सोडाध्याड़ी गांव में पुलिस ने एक घर से सरकारी सीमेंट के 12 बैग बरामद किए हैं। इस पर पच्छाद पुलिस ने निजी निर्माण कार्य में सरकारी सीमेंट के दुरुपयोग पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार एक शिकायत पर पुलिस ने गांव में दबिश दी। मौके पर पुलिस ने सरकारी सीमेंट के भरे चार बैग बरामद किए जबकि आठ बैग खाली पाए गए। आरोपी बाबूराम सरकारी सीमेंट का इस्तेमाल निजी मकान के निर्माण कार्य में कर रहा था। पूछताछ के दौरान आरोपी सरकारी सीमेंट संबंधी कोई कागजात पेश नहीं कर पाया। मामले की पुष्टि सराहां पुलिस थाना के एचएचओ वीरू अहमद ने की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच चल रही है।