ददाहू (सिरमौर)।
रेणुका क्षेत्र में पिछले लंबे अरसे से बंद पड़ी एक चूना पत्थर की खान से अवैध खनन किए जाने के मामले में खनन विभाग हरकत में आ गया है। शुक्रवार को खनन विभाग ने मंडोली में स्थित चूना पत्थर की खान को जाने वाले रास्ते पर तार-बाड़ लगाकर उसे बंद कर दिया ताकि अवैध खनन की संभावनाओं से निपटा जा सके। यह कार्रवाई खनन व वन विभाग के कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से की। विभाग को पिछले कुछ दिनों से बंद पड़ी चूना पत्थर की खान पर अवैध ढंग से खनन करने की शिकायतें मिल रही थीं।
13 दिसंबर को खान से चूना पत्थर भरकर ले जा रहे एक ट्रक का विभाग ने चालान भी किया था। तभी से विभाग इस खान पर रोक लगाने की फिराक में था। शुक्रवार को खनन विभाग के गार्ड लाल सिंह व वन विभाग की गार्ड इंदुबाला ने खान पर दबिश देकर रास्ते को बंद कर दिया जिससे कि खान पर हो रहे अवैध खनन को रोका जा सके।
जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज ने मंडोली स्थित चूना पत्थर की खान पर रोक लगाए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि इस खान से अवैध खनन व चूना पत्थर के कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। इसको ध्यान में रखते हुए विभाग ने यह कार्रवाई अमल में लाई।