पांवटा साहिब (सिरमौर)। सुरक्षा शाखा और पांवटा पुलिस की संयुक्त टीम ने यमुना बैरियर पर नशीली दवाइयों की खेप पकड़ी है। कांवड़ यात्रियों के बीच पुलिस और सुरक्षा शाखा को गच्चा देने का प्रयास असफल रहा। बाइक में सवार होकर उत्तराखंड की ओर से नशीली दवाइयां लेकर आए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीरवार को कांवड़ यात्रियों के बीच दो युवकों ने नशे की खेप को हिमाचल पहुंचाने का प्रयास किया लेकिन, सुरक्षा शाखा और पांवटा पुुलिस पहले से ही सतर्क थी। पुलिस ने यमुना बैरियर पर नाका लगा रखा था। सुरक्षा शाखा के मुख्य आरक्षी जगमोहन सिंह, दीप चौहान, नवीन, जय प्रकाश समेत पांवटा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बैरियर पर आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी बीच बाइक पर उत्तराखंड की तरफ से दो युवक पहुंचे। इनके पास संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान 1150 नशीले कैप्सूल बरामद किए हैं। आरोपियों ने अपने नाम सुभाष चंद (32) पुत्र जगदीश निवासी कुंडिया जामनीवाला तथा बेहड़ावाला निवासी सतीश कुमार (25) पुत्र बनवारी लाल बताए हैं। दोनों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने पुष्टि की है। डीएसपी ने बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।