अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जामनीवाला पंचायत के बाइकुआं की छात्रा के लापता मामले को सुलझाने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस का दावा है कि खेतों में लगी तारों के करंट ने छात्रा की जान ले ली लेकिन गांव के ही दो लोगों ने शव को खाले में फेंक दिया लेकिन पुलिस की यह थ्योरी गले नहीं उतर रही है। मौत करंट लगने की वजह से हुई है तो युवती के शव के टुकड़े कैसे हुए ? शव का दूसरा हिस्सा मिले बगैर ही पुलिस का केस सुलझाने का दावा लोगों के गले नहीं उतर रहा।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि लापता छात्रा की मौत की गुत्थी सुलझा ली गई है। गांव के कृषक राम प्रसाद व राजेंद्र सिंह ने जंगली जानवरों से फसल को बचाने के लिए खेतों में करंट वाली तार लगाई थी। 6 अगस्त को देर रात को किसान खेतों के आसपास ही थे। रात को छात्रा शौच को लिए बाहर निकली और करंट वाली तार की चपेट में आई जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों आरोपियों ने सुबह ही छात्रा को मृत देखा। इसके बाद बोरू में शव भर कर खाले में फेंक दिया।
छात्रा की ताई ने बोरू ले जाते सुबह ही दोनों को देखा था। उसने अपने पति से खड्ड में जाकर देखने को कहा कि क्या लेकर गए लेकिन खड्ड में पानी चला होने पर कुछ नजर नहीं आया। 23 अगस्त को छात्रा की ताई ने खड्ड में काफी नीचे छात्रा का आधा शव देखा। कपड़ों से उसकी पहचान की गई। पंचायत में ही मामले को दबा दिया गया। 24 अगस्त को सूचना मिलने पर थाना प्रभारी देवानंद गुलेरिया गांव पहुंचे लेकिन परिजन पंचायत प्रतिनिधि और दोनों आरोपी शव मिलने की बात से मुकर गए। युवती का आधा शव अभी भी लापता है।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि मामला सुलझा लिया गया है। गांव के दो आरोपियों राम प्रसाद व राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ भादंसं की धारा 304 और 363 के तहत गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज हुआ है। जबकि सबूत छिपाने वालों के खिलाफ 201 व 34 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस टीम मृतक छात्रा के धड़ वाले हिस्से को ढूंढने के लिए फिर से सर्च ऑपरेशन चलाएगी।
बॉक्स के लिए---
मामले को लेकर उठ रहे सवाल
मृतक की मौत करंट लगने से हुई भी है तो शव के दो टुकड़े कैसे हुए ? धड़ वाला आधा हिस्सा कहां गया? क्या छात्रा के शव को काट कर दो भागों में कर दिया था? छात्रा के घर में शौचालय है तो शौच के लिए बाहर क्यों जाती?
--बाक्स-
एसपी रोहित मालपानी ने कहाकि गिरफ्तार किए आरोपियों ने छात्रा का करंट लगने और शव को खाले में फेंकने की बात कबूल की है जिसके आधार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शव के दो टुकड़े कैसे हुए इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। फोरेंसिक लैब की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। जबकि मामले की जांच भी जारी है। इस मामले में अभी और गिरफ्तारियां भी होंगी।
---पुलिस का दावा, करंट लगने से हुई थी छात्रा की मौत
शव का दूसरा हिस्सा मिले बगैर केस सुलझाने का दावा
दो ग्रामीणों पर गैर इरादतन हत्या का मामला किया दर्ज
कैसे हुए छात्रा के शव के दो टुकडे़, नहीं मिला जवाब