अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून पांवटा कालाअंब एनएच-7 पर धौलाकुआं के समीप हिट एंड रन मामले में एक स्कूटी स्वार युवक की मौत हो गई। स्कूटी सवार युवक को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी और फरार हो गया। युवक को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे नाहन रेफर कर दिया लेकिन कोई तीमारदार नहीं होने पर युवक घायलावस्था में अस्पताल में ही पड़ा रहा। इमरजेंसी में करीब पौने घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन ने घायल को रेफर तो कर दिया, लेकिन उसे एंबुलेंस में नाहन ले जाने की जहमत नहीं उठाई।
मिली जानकारी के अनुसार एनएच-7 पर धौलाकुआं में विगत रात्रि को राजेश कुमार (23) पुत्र ख्याली राम स्कूटी पर नाहन मार्ग से पांवटा आ रहा था। युवक पांवटा की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था। धौलाकुआं के समीप स्कूटी को अज्ञात कार ने हिट कर दिया। इसके बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे कुछ लोगों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचित कर दिया। इसके बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल को सिविल अस्पताल पांवटा पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने नाहन रेफर कर दिया लेकिन कोई भी तीमारदार नहीं था। इसके बाद उसे इमरजेंसी में रखा गया। करीब पौने घंटे के बाद घायल युवक ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर माजरा चौकी से मुख्य आरक्षी सुरेंद्र तोमर टीम सहित अस्पताल पहुंचे। घायल युवक ने दम तोड़ दिया था। इसके बाद परिजनों को सूचित कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
उधर, थाना प्रभारी पांवटा देवानंद गुलेरिया ने पुष्टि की है। एसएचओ ने कहा कि इस मामले की जांच माजरा पुलिस टीम कर रही है। हादसे के बाद मौके से फरार अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
--कार की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत
एनएच-7 पर धौलाकुआं में हिट एंड रन मामला
पौने घंटे तक अस्पताल में पड़ा रहा घायल युवक
पांवटा से आ रहा था स्कूटी पर सवार होकर